अंतर्राष्ट्रीय

गाजीपुर के केलही चट्टी पर फर्जी बंगाली डॉक्टरों का आतंक, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

आम आदमी की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा स्वास्थ विभाग

सुधीर राय

गाजीपुर/date: 09/06/2026

गाजीपुर के केलही चट्टी पर फर्जी बंगाली डॉक्टरों का आतंक, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

बिरनो,गाजीपुर। जनपद के बिरनो ब्लॉक अंतर्गत केलही चट्टी क्षेत्र में कथित फर्जी बंगाली डॉक्टरों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना मान्यता और आवश्यक चिकित्सीय योग्यता के कई लोग खुलेआम क्लीनिक संचालित कर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं।

 

ग्रामीणों के अनुसार इनके यहां गंभीर बीमारियों का इलाज, इंजेक्शन, ड्रिप तथा विभिन्न प्रकार की दवाओं का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो के अधीक्षक और जनपद स्तरीय नोडल स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कर रहे हैं? यदि बिना पंजीकरण और मान्यता के चिकित्सा गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि अप्रमाणित चिकित्सकों द्वारा किया गया उपचार मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। गलत दवाएं, गलत निदान और आपातकालीन स्थिति में उचित चिकित्सा सुविधा न मिलने से जान का भी जोखिम बढ़ जाता है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने जिलाधिकारी गाजीपुर एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए फर्जी क्लीनिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग जनता की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और केलही चट्टी में संचालित कथित अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर कब तक प्रभावी कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button