विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी व एक लाख का इनामिया हिस्ट्री शीटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एसओ जी प्रभारी रोहित मिश्र घायल
कटरा गैंग का मुख्य सदस्य था हिस्ट्री शीटर कमलेश बिंद,आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज थे
सुधीर राय
गाजीपुर/date:04/06/2026
विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस व एस ओ जी की संयुक्त कार्यवाही में मुख्य आरोपी और एक लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार आरोपी कमलेश बिंद लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह जिले में सक्रिय कुख्यात कटरा गैंग का दूसरे नंबर का बड़ा सदस्य माना जाता था।

मुठभेड़ के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में एसओ जी प्रभारी रोहित मिश्र घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि विनीत राय हत्याकांड के बाद उनके पिता ने कटरा गैंग को राजनीतिक संरक्षण मिलने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि इसी संरक्षण के चलते गैंग लंबे समय से जिले में सक्रिय रहकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा। आरोपी की मौत के बाद पुलिस अब गैंग के सरगना व अन्य नामजद अपराधियों व कटरा गैंग के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करने की तैयारी में है।
कटरा गैंग का नाम लंबे समय से जिले में रंगदारी, हत्या और अन्य संगठित अपराधों से जुड़ता रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से गैंग की कमर टूटेगी और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।