अंतर्राष्ट्रीयउत्तर प्रदेशक्राइमखेलजिला समाचारताजा खबरें

कर्मचारियों की कमी से जूझता यूनियन बैंक शाखा नंदगंज,खाताधारकों में बढ़ता असंतोष,अन्य बैंकों की ओर रुख करने की चेतावनी

खाता धारकों का आरोप, दुर्व्यवस्था का शिकार यूनियन बैंक की शाखा नंदगंज

गाजीपुर।

Date:26/02/2026

नंदगंज (गाज़ीपुर)।     स्थानीय बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नंदगंज शाखा इन दिनों कर्मचारियों की कमी से जूझ रही है, जिसके चलते खाताधारकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बैंक में रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने वाले ग्राहकों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
ग्राहकों का कहना है  कि नकदी निकासी के लिए पहले चेक को एक काउंटर से क्लियर  कराना पड़ता फिर स्वयं कैश काउंटर तक जाना होता है। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग जाता है। खासकर  बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खाताधारकों को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
कई ग्राहकों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों द्वारा कार्य में अनावश्यक देरी की जाती है। समय पर काम न होने के कारण कई बार ग्राहकों को शाखा प्रबंधक से शिकायत करनी पड़ती है। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है।
कुछ खाताधारकों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार की परेशानी से बेहतर है कि वे किसी अन्य बैंक में अपना खाता खुलवाने पर विचार करें। उनका कहना है कि बैंकिंग सेवाएं सुचारु और समयबद्ध न होने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
शाखा प्रबंधक अभिनव प्रसाद ने स्वीकार किया कि शाखा में कर्मचारियों की कमी है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की उम्मीद है।
स्थानीय ग्राहकों ने बैंक प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर शाखा में पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जाए, ताकि बैंकिंग कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
फिलहाल, कर्मचारियों की कमी और बढ़ती भीड़ के कारण बैंक शाखा में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्राहकों का धैर्य जवाब देने लगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button