जनपद में ओवरलोड बालू लदे ट्रेलरों का आतंक: सड़कों पर दौड़ रहे ‘यमदूत’, प्रशासनिक लापरवाही से आए दिन जा रही जानें
ओवर लोड ट्रक/ट्रेलरों से न सिर्फ सड़के क्षतिग्रस्त हो रहीं बल्कि जिंदगियां भी लील रहे ये सड़कों के यमदूत
ओवरलोड बालू लदे ट्रेलरों का आतंक: सड़कों पर दौड़ रहे ‘यमदूत’, प्रशासनिक लापरवाही से रोज जा रही जानें
गाजीपुर। जनपद की सड़कों पर प्रतिदिन अनियंत्रित एवं ओवरलोड बालू लदे सैकड़ों ट्रक-ट्रेलर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। खनन एवं परिवहन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते ये भारी वाहन राहगीरों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। लचर कानून व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन हालात में सुधार के कोई ठोस प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोड बालू ट्रकों की तेज रफ्तार और लापरवाही भरी ड्राइविंग के कारण सड़कें असुरक्षित हो चुकी हैं। कई स्थानों पर ये वाहन यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए आबादी वाले क्षेत्रों से भी गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। रात के अंधेरे में इन ट्रकों का संचालन और भी खतरनाक साबित हो रहा है।
जानकारों का कहना है कि निर्धारित क्षमता से अधिक बालू लादे जाने के कारण न केवल सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बल्कि वाहनों का संतुलन बिगड़ने से हादसों का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है। इसके बावजूद परिवहन, खनन और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई का अभाव सवाल खड़े कर रहा है।
आम नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, नियमित जांच की व्यवस्था हो तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सड़कों पर दौड़ रहे ये ‘यमदूत’ और अधिक निर्दोष जिंदगियों को निगलते रहेंगे।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन ओवरलोड बालू ट्रकों पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा और प्रशासन कब जागेगा?