T-20 विश्व कप में भारत की जीत पर नंदगंज में जश्न, युवाओं ने लहराया तिरंगा
टी -20 जीत का जश्न हर तरफ देखने को मिला
सुधीर राय

गाजीपुर ।
नंदगंज (गाज़ीपुर)। टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत की शानदार जीत के बाद नंदगंज क्षेत्र में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय युवाओं ने एकत्र होकर टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया और खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।
युवाओं ने कहा कि मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों का अद्भुत कौशल, अटूट संयम और शानदार टीम वर्क हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। इस ऐतिहासिक विजय ने करोड़ों देशवासियों के दिलों में नया उत्साह और गर्व भर दिया है।
नंदगंज बाजार में रात्रि के समय युवाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस दौरान पटाखे फोड़े गए, तिरंगा लहराया गया और भारत माता के जयकारे लगाए गए। सभी युवाओं ने अपने जिले की शान सूर्यकुमार यादव को विशेष बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाजीपुर जिले का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर युवा समाजसेवी अमन जायसवाल, बोनी सिंह, रिंकू सिंह, अश्वनी वर्मा, कुलदीप गुप्ता, विश्वजीत गुप्ता, प्रदीप गुप्ता (गोलू), आनंद चौरसिया, इमरान, शिवम, छोटू, बिट्टू, करन, सचिन सहित तमाम युवा साथियों ने मिलकर खुशी का इजहार किया।