बिजली विभाग की कथित वसूली बनी अधेड़ की मौत की वजह ?
विजिलेंस इंस्पेक्टर,कांस्टेबल व एक अन्य पर एफ आई आर दर्ज
सुधीर राय
गाजीपुर/date:17/06/2026
क्या बिजली विभाग की कथित सख्ती बनी मौत की वजह ? सैदपुर की घटना से जनपद में आक्रोश, एफ आई आर दर्ज
सैदपुर,गाजीपुर। जनपद के सैदपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की बिल वसूली एवं विजिलेंस कार्रवाई को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि बिजली विभाग और विजिलेंस टीम द्वारा अपनाए गए कथित अमानवीय एवं दबावपूर्ण रवैया के कारण एक अधेड़ व्यक्ति की जान चली गई, जिससे पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों एवं स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा की गई कार्रवाई से अधेड़ व्यक्ति मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में आ गया था। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि राजस्व वसूली के नाम पर किसी भी नागरिक के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ने सैदपुर टाउन से जुड़े कर्मचारी दीपक कुमार, विजिलेंस इंस्पेक्टर उदयभान तथा एक अन्य कांस्टेबल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने के आदेश दिए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही देर रात जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं सी ओ सैदपुर पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटना क्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।