ग्रामसभा श्री गंज में बदलाव की उम्मीद, मनती देवी ने विकास के संकल्प के साथ ठोकी ताल
बदहाल ग्रामसभा श्री गंज को उम्मीद की नई किरण
सुधीर राय
Date:02/032026
नंदगंज (गाज़ीपुर)। जनपद के ब्लॉक करंडा अंतर्गत ग्राम 
पंचायत श्रीगंज की करीब 3500 की आबादी इस बार ग्राम प्रधान चुनाव में नए संकल्प और नई दिशा की उम्मीद कर रही है। गांव से मंती देवी पत्नी रामधन बिंद ने ग्राम प्रधान पद हेतु अपनी दावेदारी पेश की है। ग्रामीणों के बीच सक्रियता और संवाद के चलते उनकी उम्मीदवारी चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
गांव की प्रमुख समस्याओं में सबसे बड़ी समस्या नालियों का अभाव है। कई मोहल्लों में नाली न बनने से जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन न होने से छोटे बच्चों और महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में बना सामुदायिक शौचालय आज तक चालू नहीं हो सका और देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील हो गया है। वहीं खेल मैदान के अभाव में युवाओं को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है।
मंती देवी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला तो गांव की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नाली निर्माण, आंगनबाड़ी भवन की व्यवस्था, बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को चालू कराना तथा खेल मैदान की व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
प्रधान पद प्रत्याशी ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना उनकी प्रथम प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को योजना का लाभ लेने में भटकना न पड़े, इसके लिए ग्राम स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “श्रीगंज के अधूरे सपनों को पूरा करना ही मेरा लक्ष्य है। गांव का समग्र विकास, स्वच्छता, शिक्षा और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्रतिबद्धता है।”
गांव में उनकी सक्रियता और विकास के वादों को लेकर समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। अब देखना यह है कि श्रीगंज की जनता इस बार किस पर भरोसा जताती है, लेकिन इतना तय है कि गांव में विकास और बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो चुकी है।