उत्तर प्रदेशक्राइमखेलजिला समाचारताजा खबरेंधर्ममनोरंजनलाइफस्टाइलशिक्षास्वास्थ्य

फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाकर 20 हजार की ठगी का आरोप, पीड़ित महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

क्या जनपद में फर्जी आयुष्मान कार्ड रैकेट सक्रिय ?

गाजीपुर/१६/०५/२०२६

सुधीर राय

गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नादेपुर निवासी सुनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को प्रार्थना पत्र देकर फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाकर 20 हजार रुपए की ठगी किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है

पीड़िता सुनीता देवी पत्नी राकेश चौहान के अनुसार उनकी पुत्री अंजली चौहान शारीरिक रूप से दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार है। आरोप है कि रायपुर स्थित RG कंप्यूटर इंस्टीट्यूट संस्थान के संचालक राहुल गुप्ता और रितिक गुप्ता ने उनकी पुत्री के इलाज के नाम पर आयुष्मान कार्ड बनवाने का भरोसा दिया। दोनों ने कथित तौर पर कहा कि 20 हजार रुपये देने पर उनकी “ऊपर तक पहुंच” के माध्यम से ऐसा आयुष्मान कार्ड बनवा दिया जाएगा, जिससे बेटी का मुफ्त इलाज हो सकेगा।

महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उनसे आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज और 20 हजार रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद एक आयुष्मान कार्ड बनाकर दे दिया गया और भरोसा दिलाया गया कि अब उनकी बेटी का कहीं भी इलाज हो जाएगा।

पीड़िता के मुताबिक जब वह अपनी पुत्री के इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ पहुंची तो पता चला कि दिया गया आयुष्मान कार्ड फर्जी है और किसी अन्य अंजली कुमारी के नाम पर बना हुआ है। इसके बाद जब उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो पहले उन्हें टालमटोल किया गया और बाद में कथित रूप से गाली-गलौज व धमकी देकर भगा दिया गया।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं आरोपी पक्ष द्वारा फर्जी शिकायतें और झूठी खबरें फैलाकर परिवार को बदनाम करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनकी दिव्यांग पुत्री को न्याय मिल सके। पीड़ित महिला ने बताया की इस फर्जीवाड़े की शिकायत बहरियाबाद थाने पर लिखित रूप से की थी इसके बावजूद अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तब शनिवार को पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button