नंदगंज बाजार में बेलगाम रफ्तार बन सकती है जानलेवा तेज स्पीड बाइक और वाहनों से दहशत में महिलाएं, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग; स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई मांग
आखिर कहा गया एंटी रोमियो स्क्वॉड ?
गाजीपुर/१६/०५/२०२६
सुधीर राय
नंदगंज, गाजीपुर। नंदगंज बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार बाइक तथा अन्य वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बाजार से गुजरने वाले लोग, खासकर महिलाएं, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दुकानदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की लगातार अनदेखी और सख्त कार्रवाई के अभाव में वाहन चालकों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार क्षेत्र में कई युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए स्टंटबाजी करते हैं और बिना किसी डर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हैं। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पार करते समय बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार बुजुर्ग लोग बाल-बाल दुर्घटना से बच चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है।
नंदगंज बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं ने बताया कि सड़क पर अचानक तेज गति से बाइक गुजरने के कारण हमेशा भय बना रहता है। बच्चों को स्कूल भेजने वाले अभिभावकों का कहना है कि उन्हें हर समय किसी अनहोनी का डर सताता रहता है। बुजुर्गों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा तय कर सख्ती से पालन कराया जाए।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में दिनभर भारी भीड़ रहती है, इसके बावजूद कई वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हैं। इससे न केवल दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है बल्कि लोगों में भय का माहौल भी बन रहा है। लोगों ने बाजार में नियमित पुलिस गश्त तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित न रहे, बल्कि आम जनता के जीवन की रक्षा के लिए सख्ती से लागू की जाए।